नई दिल्ली, 26 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई, जरूरी स्थानों पर मरम्मत और रंग-रोगन कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत की जाए। इस अवसर पर मंत्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जर्जर गेट, जंग लगे ढांचे, मरम्मत की जरूरत वाले हिस्सों, साफ-सफाई आदि को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पानी की व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा और पानी के कनेक्शन की जांच कर श्रद्धालुओं के लिए नहाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बदहाल पर उन्होंने तत्काल साफ-सफाई, मरम्मत तथा समुचित रखरखाव के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे कार्यों और उनकी समय सीमा की जानकारी ली। स्पष्ट कार्ययोजना के अभाव और कमियों को दूर करने के लिए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रत्येक लंबित कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे करने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
