नई दिल्ली, 26 अक्टूबर, 2026। दिल्ली देहात के कंझावला इलाके में स्थित निजामपुर में गौशाला चारदीवारी तोड़फोड़ और पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर को निलंबित किए जाने और उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू होने की सोमवार को जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकारी पद पर बैठे अधिकारियों की जिम्मेदारी नागरिकों की सेवा संवेदनशीलता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करना है। किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा और प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब है रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तोड़फोड़ की जगह का निरीक्षण कर पीड़िता जागृति मिश्रा से मुलाकात की थी। सभी जानकारी लेकर क्षेत्रीय निगम उपायुक्त, डीएम, डीसीपी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकारी पद केवल अधिकार का नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर शिकायत की निष्पक्षता से जांच हो और पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में रहकर पूरी की जाए। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि विभागीय जांच में यदि किसी तरह के कदाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
