प्रो. हंसराज सुमन को पंजाब यूनिवर्सिटी में मिला डॉ. अम्बेडकर नेशनल अवॉर्ड-2026


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर 2026। दिल्ली विश्वविद्यालय के गांधी भवन के संयुक्त निदेशक एवं अरबिंदो कॉलेज के हिंदी विभाग में प्रोफेसर हंसराज सुमन को सामाजिक न्याय और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. बी.आर. अम्बेडकर स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से प्रतिष्ठित डॉ. अम्बेडकर नेशनल अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया थीं। विशिष्ट अतिथि अल्फा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अजय रंगा सहित कई शिक्षाविदों और गणमान्य व्यक्तियों ने प्रो. सुमन को बधाई दी।

फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नीरज मेहरा ने कहा कि यह सम्मान समानता, शिक्षा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के मूल्यों को बढ़ावा देने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है। उन्होंने प्रो. सुमन के शैक्षणिक नेतृत्व और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

बंतो कटारिया ने अपने संबोधन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए किए गए कार्यों को याद किया। वहीं, प्रो. अजय रंगा ने खेलों में सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रो. हंसराज सुमन पिछले तीन दशकों से अधिक समय से सामाजिक न्याय, पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। पत्रकारिता पर उनकी हालिया पुस्तक न्यू मीडिया भी प्रकाशित हुई है।

इस उपलब्धि पर विभिन्न शिक्षाविदों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान सामाजिक न्याय, शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post