कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता का अपमान करने के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर, 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा कल पटना में एक मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता का अपमान करने के विरोध में प्रदेश प्रदेश भाजपा ने सोमवार को राजा जी मार्ग स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के निवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व एवं प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा के पूर्वांचल, युवा एवं ओबीसी मोर्चा के लगभग 2000 कार्यकर्ता राजा जी मार्ग स्थित सेना भवन के पास एकत्र हुए और वहां उन्हें पार्टी नेताओं ने सम्बोधित किया।

प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा द्वारा संचालित प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं के सम्बोधन पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे के निवास की ओर नारे लगाते हुए मार्च प्रारम्भ किया तो पुलिस ने कुशक रोड मोड़ पर बैरिकेड्स लगाकर रोकने का प्रयास किया। इसे तोड़कर कार्यकर्ता आगे बढ़े तो सेना भवन के पास भारी पुलिस बल ने उन्हें बलपूर्वक रोक दिया। वहां से पुलिस प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित लगभग 200 वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग थाने ले गई।

प्रदर्शन को हर्ष मल्होत्रा एवं विनय सहस्त्रबुद्धे के आलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, मोहनलाल गिहारा, सुमित भसीन, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, संतोष ओझा, रजत चौधरी, संतोष पाल, रोहित चहल, विपिन बिहारी सिंह, बृजेश राय, आजाद सिंह और कैलाश जैन आदि ने सम्बोधित किया।

कांग्रेस अध्यक्ष अपनी टिप्पणी के लिए मांगें माफी : हर्ष मल्होत्रा

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। उसी को लेकर हम आज उनसे यह कहने आए हैं कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता नहीं हैं, बल्कि वे पूरे विश्व के शीर्ष नेताओं में से एक हैं और भारत के प्रधानमंत्री हैं। कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी होगी। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि उनका यह अपमान न केवल भाजपा, बल्कि देश और दिल्ली की जनता बिल्कुल सहन नहीं करेगी।

विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि हमारे नेता, नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नहीं हैं, बल्कि वे पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं इसलिए हमारा नारा भी होना चाहिए कि 'प्रधानमंत्री जी का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।'

राजेश भाटिया ने कहा कि कांग्रेस की घटिया मानसिकता एक बार फिर सामने आ गई है। प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता का अपमान कर मल्लिकार्जुन खरगे ने न सिर्फ मोदी जी का, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का अपमान किया है। कांग्रेस हमेशा व्यक्तिगत आक्षेपों की राजनीति करती है। दिल्ली भाजपा यह बर्दाश्त नहीं करेगी। हम मांग करते हैं कि खरगे तुरंत माफी मांगें अन्यथा भाजपा सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगी।

मोहनलाल गिहारा ने कहा कि खरगे जी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। एक दिवंगत व्यक्ति का अपमान करके कांग्रेस ने अपनी ओछी सोच दिखाई है।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post