हेमा मालिनी को हिंदी सिनेमा में पांच दशकों के योगदान के लिए मिले दादा साहब फाल्के पुरस्कार : डॉ वत्स


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। अखिल भारतीय स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक संघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय महामंत्री तथा नेशनल मीडिया नेटवर्क फिल्म एंड टीवी फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिक्षाविद डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने हिंदी सिनेमा की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री, फिल्म निर्माता, निर्देशक एवं नृत्यांगना और मथुरा से लोकसभा सांसद पद्मश्री हेमा मालिनी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के माध्यम से मांग की है कि हेमा मालिनी को हिंदी सिनेमा में उनके पांच दशकों से अधिक के उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।

डॉ वत्स ने कहा कि हेमा मालिनी हिंदी सिनेमा की उन विशिष्ट अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी अदाकारी, नृत्यकला, आकर्षक व्यक्तित्व और बहुमुखी प्रतिभा से कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों पर राज किया है। उन्हें लोकप्रिय रूप से 'ड्रीम गर्ल' के नाम से जाना जाता है। हेमा मालिनी ने सीता और गीता में दोहरी भूमिका निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। फिल्मकार रमेश सिप्पी की अंदाज और कालजयी फिल्म शोले में भी उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं। शोले में बसंती के उनके किरदार ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में अमिट स्थान बनाया है। उन्होंने राज कपूर, देव आनंद, दिलीप कुमार, राजकुमार, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और मनोज कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ काम करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। धर्मेंद्र के साथ हेमा मालिनी की जोड़ी हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है।

डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित हेमा मालिनी ने कला, संस्कृति और भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका लंबा और बहुआयामी फिल्मी सफर उन्हें विशेष सम्मान का पात्र बनाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि हिंदी सिनेमा में उनके दीर्घकालीन योगदान का समुचित मूल्यांकन करते हुए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करने पर विचार किया जाए।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post