नई दिल्ली, 26 अक्टूबर, 2026। दिल्ली में एक और इमारत गिरने के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को नाव की सवारी कर फोटो शूट करने पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार के निकम्मेपन के चलते गिर रही इमारतों में दबकर दिल्ली के लोग मर रहे हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हंस-खिलखिला रहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास नाव की सवारी का तो समय है, लेकिन हर्ष विहार बिल्डिंग हादसे पर जाकर पीड़ितों का दुख साझा करने का समय नहीं है। जिस नाव पर सवार होकर मुख्यमंत्री हंस-खिलखिला रही हैं, उसे भाजपा क्रूज बता रही है। यह ठीक वैसे ही है, जैसे गुजरात में नकली क्लासरूम बनवाकर पीएम मोदी ने फोटो शूट करवाई थी।
मुख्यमंत्री के पास नाव की सवारी का समय है, हर्ष विहार बिल्डिंग हादसे पर जाने का नहीं : सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नाव में सवारी करने की कुछ तस्वीरें 'एक्स' पर साझा कर कहा कि रविवार को दिल्ली में एक और इमारत ढह गई, लेकिन मुख्यमंत्री के पास मृतकों और घायलों के परिजनों से मिलने का समय नहीं था। सोमवार को वह एक नाव की सवारी कर हंस-खिलखिला रही हैं। उस ‘नाव’ को ‘क्रूज़’ बताया जा रहा है। भाजपा इसे सीधे ‘टाइटेनिक’ ही क्यों नहीं कह दे रही है? यह घटना मुझे गुजरात में भाजपा के 25 साल के शासन के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्वारा एक नकली क्लासरूम में कराए गए फोटो शूट की याद दिलाता है।
सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि कि दिल्ली में हर महीने कोई न कोई त्रासदी होती है। हर बार मुख्यमंत्री सभी इमारतों के ऑडिट का आदेश देती हैं, जिसके बाद निरीक्षण के नाम पर मोटी रिश्वत वसूली जाती है। एमसीडी और दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अब फायर और राजस्व विभाग ने भी होटलों, रेस्तरां, जिम, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटरों व अन्य व्यावसायिक इमारतों से नियमित रूप से रिश्वत वसूलना शुरू कर दिया है।
