नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को सरिता विहार के एम ब्लॉक में फिक्स्ड कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने घर-घर से कूड़ा संग्रहण और उसके परिवहन के लिए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सफाई वाहनों के संचालन के लिए 35 महिला ड्राइवरों को भी नियुक्त किया गया है। यह पहल सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी एक अहम कदम है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम के सभी 250 वार्डों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरे कूड़े को उठाने के लिए 1,000 मैकेनिकल लिटर पिकर्स की तैनाती की पहल का भी शुभारंभ किया। इसके प्रथम चरण में 50 मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के मेयर श्री प्रवेश वाही, डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, निगम में नेता सदन श्री जय भगवान यादव, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष श्री सत्यपाल सिंह, निगमायुक्त श्री संजीव खिरवार सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी, पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 15,000 मीट्रिक टन कूड़े में से केवल 6,000 से 7,000 मीट्रिक टन का ही प्रसंस्करण हो पाता था। इसके कारण कूड़े के पहाड़ लगातार बढ़ते गए। इस स्थिति को बदलने के लिए नए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाने, मौजूदा प्लांटों की क्षमता बढ़ाने, ई-वेस्ट सेंटर स्थापित करने और गाय के गोबर के प्रबंधन के लिए बायोगैस प्लांट लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। साथ ही, सफाई व्यवस्था के लिए नई मशीनरी, बेहतर बुनियादी ढांचे और अतिरिक्त कर्मचारियों की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

स्वच्छ दिल्ली के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी - मेयर
दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण बेहतर जीवन और सुंदर भविष्य का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निगम का लक्ष्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, नियमित और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, घरेलू कचरा निर्धारित संग्रहण व्यवस्था को सौंपने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।
