नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी से तुरंत स्पष्ट करने को कहा है। क्या वह अपनी नई साथी नेहा बोरा के कथन से सहमत हैं कि भारत में उकसाया जा रहा युवा आंदोलन बांग्लादेश के 2024 के आंदोलन से प्रेरित है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हम लगातार कहते रहे हैं कि कांग्रेस की जो भी विचारधारा थी, उसे खो चुकी है। आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल जैसी पार्टियों की विचारधारा तो कम्युनिस्ट लाल सलाम से प्रेरित रही ही है। आज नेहा बोरा के बयान के बाद कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी सहित सब विपक्षी दल जो विगत कुछ समय से नेहा बोरा एवं अभिजीत दीपके जैसे अखंड भारत विरोधी युवाओं को राजनीतिक प्रोत्साहन देते रहे हैं, उनका असली चेहरा जनता के सामने उजागर हो गया है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा लगातार कहती रही है कि जून से युवा आंदोलन के नाम पर चल रहा तमाशा न 'नीट' को लेकर है न चुनाव आयुक्त को लेकर। इसका असली मकसद है देश में अस्थिरता लाकर सरकार विरोधी आंदोलन खड़ा करना। आज लाल सलाम वाले आईसा की नेता नेहा बोरा ने यह स्वीकार कर लिया है। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अब जो भी राजनीतिक दल अपने मंच पर नेहा बोरा को खड़ा करेगा, वह देश के प्रति जवाबदेह होगा कि क्या वह भी हिंसक आंदोलन से सरकार बदलना चाहते हैं?
