नीरज अवस्थी, नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को जीटीबी अस्पताल रेडलाइट के पास रोड नंबर-68 पर झपटमारी की घटना हुई थी। जीप्टो में डिलीवरी राइडर के रूप में काम करने वाला 24 वर्षीय मोहम्मद अरमान सुबह करीब 4:05 बजे दिलशाद गार्डन से नंद नगरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसका मोबाइल फोन तथा पर्स छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर नंद नगरी थाने में एफआईआर संख्या 681/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को सुलझाने के लिए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सचिन, सुनील और जितेंद्र की टीम गठित की गई। एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ बंदर (26) और अश्वनी उर्फ पंकज उर्फ सोनू (33) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली।
18 और 8 आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमन उर्फ बंदर के खिलाफ झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अश्वनी उर्फ पंकज उर्फ सोनू के खिलाफ लूट, सेंधमारी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। वह नंद नगरी थाने का घोषित बदमाश (बीसी) भी है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है पुलिस उपायुक्त उत्तर-पूर्वी जिला राहुल अलवाल ने पुलिस टीम की कार्रवाई की जानकारी दी।
