नई दिल्ली। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रक्षा मंत्रालय के 66 वर्षीय सेवानिवृत्त सेक्शन ऑफिसर को गिरफ्तारी का डर दिखाकर करीब 2.02 करोड़ रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को फोन कर बताया गया था कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोला गया है, जिसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसके बाद ठगों ने खुद को जांच एजेंसियों से जुड़ा अधिकारी बताकर उन्हें कथित आपराधिक जांच में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी। लगातार फोन कॉल और मानसिक दबाव बनाकर आरोपियों ने पीड़ित को अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। इस तरह उनसे करीब 2.02 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए गिरोह के तीन सदस्यों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान खान (37), राम किशोर (28) और रूपेंद्र प्रताप सिंह (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इमरान की कंपनी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 17 लाख रुपये आए थे। राम किशोर पर गिरोह के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और बिचौलिए की भूमिका निभाने का आरोप है, जबकि रूपेंद्र प्रताप सिंह कथित तौर पर बैंक खातों का संचालन कर ठगी की रकम आगे ट्रांसफर करता था। उसे कमीशन की रकम क्रिप्टोकरेंसी USDT में मिलने की बात भी सामने आई है।
इस मामले में 15 जनवरी 2026 को थाना स्पेशल सेल में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। IFSO की टीम ने एसआई अतुल यादव के नेतृत्व में एसआई रमेश चंद और हेड कांस्टेबल त्रिलोक चंद के साथ कार्रवाई की। जांच एसीपी प्रेम चंद्र खंडूरी की निगरानी में और डीसीपी-I/IFSO गौरव त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश करने और ठगी की बाकी रकम का पता लगाने में जुटी है।
