नीरज अवस्थी, नई दिल्ली। मध्य जिला के थाना नबी करीम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से जेबतराशी के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण उर्फ नकुल (24) निवासी मुल्तानी ढांडा, नबी करीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बुजुर्ग का चोरी हुआ पोको मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गुजरात के राजकोट निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग अपनी पत्नी के इलाज के लिए परिवार के साथ 14 नवंबर को दिल्ली आए थे। वे पहाड़गंज के एक होटल में ठहरे हुए थे। 15 नवंबर को बीकानेर स्वीट्स से नाश्ता करने के बाद लौटते समय डीबीजी रोड कट के पास एक युवक उनसे टकराया। सड़क पार करने के बाद बुजुर्ग को पता चला कि उनका मोबाइल फोन गायब है।
शिकायत मिलने पर थाना नबी करीम में 15 नवंबर को एफआईआर संख्या 533/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ नबी करीम के नेतृत्व में एसआई अंकित, हेड कांस्टेबल एमपी सिंह और कांस्टेबल संजय की टीम गठित की गई। एसीपी पहाड़गंज की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर 18 और 19 नवंबर की मध्यरात्रि शीला सिनेमा, पहाड़गंज के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
साथी ने चुराया था मोबाइल पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बीकानेर स्वीट्स के पास उसने बुजुर्ग से टक्कर मारी थी, जबकि उसके साथी ने इसी दौरान उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया था। बाद में साथी ने चोरी का मोबाइल उसे सौंप दिया। पुलिस ने मोबाइल उसके कब्जे से बरामद कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में वर्ष 2022 के चोरी और जेबतराशी से जुड़े एक मामले में संलिप्त रहा है। जांच के दौरान मामले में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है। पुलिस अब फरार सह आरोपी की तलाश में जुटी है।
