एमसीडी स्कूलों में बढ़ेंगे दाखिले, 3 हजार सफाई कर्मचारी और चौकीदारों की भर्ती की तैयारी


नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने, दाखिलों की संख्या बढ़ाने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा समिति ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब 3,000 सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों की भर्ती से संबंधित प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शुरुआती चरण में 250 निगम स्कूलों को कूड़ा मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर संजीव मित्तल, डायरेक्टर एजुकेशन आयुषी, पार्षद एवं शिक्षा समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निगम स्कूलों में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षा, सुरक्षा, सफाई और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए योगेश वर्मा ने दाखिला अभियान तेज करने के निर्देश दिए। अब प्रत्येक निगम स्कूल के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। अभिभावक इसे स्कैन कर अपना विवरण दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षक उनसे संपर्क कर बच्चे के दाखिले की प्रक्रिया पूरी कराएंगे। इसके साथ ही एमसीडी के Edu Life Portal पर भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू होगी। पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को संबंधित क्षेत्र के नजदीकी स्कूलों में भेजने के लिए सिविक सेंटर में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

स्कूलों में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 3,000 सफाई कर्मचारियों एवं चौकीदारों की भर्ती से संबंधित फाइल एक सप्ताह के भीतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही लंबे समय से कार्यरत चौकीदारों के नियमितीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने को कहा गया है।

निगम स्कूलों के पार्कों और खेल मैदानों की स्थिति सुधारने के लिए उद्यान विभाग को कर्मचारियों एवं मालियों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए वार्डों में लागू व्यवस्था की तर्ज पर यार्डस्टिक के अनुसार कर्मचारियों की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।

स्वच्छता अभियान के तहत पहले चरण में 250 निगम स्कूलों को कूड़ा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

स्कूलों में निर्माण और मरम्मत कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए मेंटेनेंस विभाग को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक कार्य का वर्क ऑर्डर संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल को उपलब्ध कराया जाए। काम पूरा होने के बाद प्रिंसिपल से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी लिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर को भी कार्यों की पूरी जानकारी रखनी होगी।

शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा ने अधिकारियों को सभी फैसलों पर समयबद्ध कार्रवाई करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम स्कूलों में दाखिले बढ़ाना, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और बच्चों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है। निगम के स्कूल बच्चों के भविष्य की नींव हैं और यहां हर विद्यार्थी को बेहतर शिक्षा तथा खेलकूद की सुविधाएं मिलनी चाहिए।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post