नई दिल्ली,18 नवंबर 2026 । दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 12 से 16 नवंबर तक जोन-1 में पुराने और इस्तेमाल की अवधि पूरी कर चुके वाहनों (ईओएल) को लेकर जागरूकता मेला आयोजित किया। इस दौरान लोगों को ऐसे वाहनों के इस्तेमाल से जुड़े नियमों, पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और उन्हें अधिकृत स्क्रैप सेंटर पर जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जागरूकता मेले के दौरान जोन-1 में 240 पुराने वाहन जब्त किए गए। वहीं, जोन-1 में अब तक चलाए गए अभियान के तहत कुल 9,916 ऐसे वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
अभियान में परिवहन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर वाहन मालिकों को पुराने वाहनों से संबंधित नियमों और अधिकृत केंद्रों पर स्क्रैप कराने की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों सहित हजारों नागरिकों को जागरूक किया गया।
लोगों को बताया गया कि निर्धारित अवधि पूरी कर चुके वाहनों का इस्तेमाल कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। ऐसे वाहनों को केवल अधिकृत स्क्रैप सेंटर पर ही जमा कराना चाहिए और अनधिकृत कबाड़ियों से बचना चाहिए। पुलिस ने आरडब्ल्यूए और बाजार संगठनों से भी अपील की कि वे आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों को हटाने में सहयोग करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिकों, स्थानीय निवासियों और बाजार संगठनों से अपील की है कि वे पुराने वाहनों का नियमानुसार निस्तारण कर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें।
