नई दिल्ली, 18 नवंबर 2026। पहाड़गंज के पंचकुइयां रोड स्थित क्वींस बार में हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में सेंट्रल जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा (30) को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम में शामिल एसआई रविंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर बदमाश की चलाई दो गोलियां लगीं। इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों जितेश उर्फ गोला (35) और अमित गोहर (22) को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब एक बजे पहाड़गंज थाने को क्वींस बार में फायरिंग की सूचना मिली थी। जांच में शिकायतकर्ता ने बताया कि 16 और 17 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 11:55 बजे सतिंदर उर्फ कांटा, जितेश गोला और उनके साथी बार में पहुंचे थे। आरोप है कि वे रंगदारी मांगने के इरादे से आए थे। बार में विवाद होने के बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और पहाड़गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा के सोनिया विहार स्थित किराये के मकान में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से दो गोलियां एसआई रविंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्तौल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके बाद पुलिस की दूसरी टीम ने छापेमारी कर मामले के दो अन्य आरोपियों जितेश उर्फ गोला और अमित गोहर को भी गिरफ्तार कर लिया।

रंगदारी के लिए इलाके में दहशत फैलाना था मकसद पुलिस पूछताछ में सतिंदर उर्फ कांटा ने कथित तौर पर खुलासा किया कि बार और रेस्तरां संचालकों से रंगदारी वसूलने के लिए इलाके में डर और अपना दबदबा कायम करना उनका मकसद था। पुलिस अब तीनों आरोपियों की भूमिका, उनके अन्य साथियों और किसी बड़ी साजिश में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
मुख्य आरोपी पर हत्या समेत छह मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, सतिंदर उर्फ कांटा का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। जितेश गोला के खिलाफ तीन और अमित गोहर के खिलाफ दो आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस बरामद हथियार के स्रोत और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है।
