सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का विरोध और आलोचना अनावश्यक


नई दिल्ली, 18 नवम्बर 2026। अखिल भारतीय स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक संघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय महामंत्री शिक्षाविद डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर इन दिनों चल रहे विवाद, विरोध और आलोचनाओं को अनावश्यक करार दिया है।

डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में जीवन के विभिन्न पहलुओं, निजी अनुभवों और भावनाओं को अभिव्यक्त किया है। हमें उनकी व्यक्तिगत निजता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए। केवल इसलिए कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की माता हैं, उनकी आत्मकथा को लेकर आलोचनाओं की बाढ़ आ जाना उचित नहीं है। यह हमारी भारतीय सभ्यता और सनातन सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। किसी भी आत्मकथा को पूर्वाग्रह से मुक्त होकर धैर्यपूर्वक पढ़ना चाहिए।

डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने कहा कि पुस्तक में व्यक्त विचार सोनिया गांधी के निजी विचार और अनुभव हैं। उनसे सहमत होना किसी के लिए अनिवार्य नहीं है, लेकिन असहमति के नाम पर किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी और भावनाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। डॉ वत्स ने कहा कि सोनिया गांधी कोई साधारण महिला नहीं हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की धर्मपत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुत्रवधू हैं। उन्होंने भारतीय सभ्यता, संस्कृति और जीवन मूल्यों को अपनाया है।

उन्होंने आत्मकथा में लिखे सोनिया गांधी के इन शब्दों का उल्लेख किया कि ‘मेरा यहां विवाह हुआ, यहीं मैं मां बनी और यहीं मैं विधवा हुई।’ डॉ वत्स ने कहा कि ये शब्द अत्यंत मर्मस्पर्शी हैं और किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के अंतर्मन को झकझोर देते हैं। विवाह के बाद भारत को अपना घर और परिवार बनाने वाली सोनिया गांधी भी इस देश की बहू और बेटी हैं। एक भारतीय महिला के रूप में वह भी उसी सम्मान और गरिमा की अधिकारी हैं, जिसकी अपेक्षा प्रत्येक भारतीय नारी करती है और जिसकी गारंटी हमारा संविधान देता है।

डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें दूसरों की भावनाओं, व्यक्तिगत जीवन और निजता का सम्मान करना सिखाती है। किसी की आत्मकथा में व्यक्त निजी विचारों को राजनीतिक विरोध का हथियार बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में लंबे समय तक सत्ता में रही है। उसके शासनकाल में पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और पीवी नरसिंह राव देश के प्रधानमंत्री रहे। इतने लंबे शासनकाल में देश ने अनेक उपलब्धियां हासिल कीं तो कुछ कमियां और चुनौतियां भी रहीं। उन सभी कमियों के लिए सोनिया गांधी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराना अथवा उनसे माफी की मांग करना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है। इसी प्रकार वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और नेता प्रतिपक्ष के कार्यों के लिए भी सोनिया गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

डॉ वत्स ने कहा कि इस पूरे विवाद के पीछे राजनीतिक दृष्टिकोण अधिक दिखाई देता है। विरोध और आलोचनाओं के कारण पुस्तक के प्रति लोगों की जिज्ञासा और रुचि भी बढ़ी है। एक पत्नी, एक मां और एक महिला के रूप में सोनिया गांधी ने भी जीवन में निजी सुख-दुख, पारिवारिक जिम्मेदारियों और कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। इन मानवीय पहलुओं को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय संवेदनशीलता के साथ समझने की आवश्यकता है।

डॉ वत्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वे भाजपा के नेताओं से इस विषय पर संयमित और मर्यादित राजनीतिक प्रतिक्रिया देने की अपील करें। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टियों में से एक है और भारतीय संस्कृति, महिला सम्मान तथा नारी गरिमा की बात करती है। ऐसे में उसे अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक सिद्धांतों के अनुरूप सोनिया गांधी की व्यक्तिगत निजता का सम्मान करना चाहिए।

डॉ वत्स ने अंत में कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं और व्यक्तिगत सम्मान अपनी जगह। किसी पुस्तक के विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन किसी व्यक्ति के निजी अनुभवों और भावनाओं का अपमान नहीं होना चाहिए। लोगों को बस किताब पढ़ने दीजिए।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post