राहुल गांधी पर AI वीडियो को लेकर भाजपा और AAP पर भड़की युवा कांग्रेस, कहा- राजनीतिक मर्यादा की सभी सीमाएं लांघीं


नई दिल्ली, 18 नवंबर। भारतीय युवा कांग्रेस ने भाजपा की पुडुचेरी इकाई और आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाकर आपत्तिजनक AI जनरेटेड वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है। युवा कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए दोनों दलों की कड़ी आलोचना की और कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी भी नेता के खिलाफ इस तरह की डिजिटल सामग्री का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक शालीनता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। राहुल गांधी को निशाना बनाकर इस तरह के AI वीडियो जारी करना दोनों दलों की हताशा और राजनीतिक निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए भाजपा उन्हें निशाना बना रही है।

चिब ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताते हुए कहा कि देश की जनता दोनों दलों के राजनीतिक रवैये को समझ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि तकनीक का इस्तेमाल किसी की छवि खराब करने के लिए नहीं होने दिया जाएगा। युवा कांग्रेस ऐसे मामलों का राजनीतिक, लोकतांत्रिक और कानूनी स्तर पर विरोध करेगी।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि यह राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यम से सार्वजनिक विमर्श को दूषित करने का प्रयास है। उन्होंने भाजपा की पुडुचेरी इकाई और AAP की गोवा इकाई से अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री की जिम्मेदारी लेने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा और आम आदमी पार्टी को वीडियो बनाने और प्रसारित करने में इतनी सक्रियता दिखाई देती है, तो उन्हें बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और आम लोगों की समस्याओं पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने दोनों दलों को चेतावनी देते हुए आपत्तिजनक वीडियो तत्काल हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

भारतीय युवा कांग्रेस ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें भाजपा पुडुचेरी और AAP गोवा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो हटाना, दोनों दलों के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से सार्वजनिक माफी, वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करना तथा कानून और सोशल मीडिया नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करना शामिल है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि राजनीति में मुकाबला विचारों, नीतियों और जनहित के मुद्दों पर होना चाहिए, न कि AI तकनीक के जरिए किसी नेता की छवि खराब करने पर। संगठन ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के खिलाफ इस तरह के प्रचार से कांग्रेस और युवा कांग्रेस का विरोध कमजोर नहीं होगा।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post