एमसीडी ने चलाया सभी जोन के छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान


नई दिल्ली, 17 नवम्बर, 2026। दिल्ली नगर निगम ने छठ पूजा के अवसर पर सभी 12 जोन के अंतर्गत आने वाले छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इसके लिए विभिन्न घाटों पर विशेष स्वच्छता दलों के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों एवं मशीनरी की तैनाती की गई, ताकि नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं अन्य स्वच्छता संबंधी कार्य प्रभावी ढंग से किए जा सकें।

विशेष रूप से सांध्य अर्घ्य एवं प्रातःकालीन उषा अर्घ्य के बाद घाटों की सफाई पर विशेष जोर दिया गया, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर एकत्र होते हैं। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने सभी जोनल उपायुक्तों को निर्देश दिए कि दोनों अर्घ्यों के पश्चात घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की तत्काल एवं व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम के ठोस कचरे तथा निर्धारित खंडित मूर्ति संग्रहण पात्रों में एकत्र सामग्री का उचित संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी जोनल उपायुक्त एवं संबंधित अधिकारी स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए सक्रिय रूप से क्षेत्र में मौजूद रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पूर्वी जोन में ‘स्वच्छ एवं हरित छठ पूजा’ पहल के अंतर्गत पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे के पृथक संग्रहण के लिए ट्विन-बिन ई-रिक्शा रणनीतिक रूप से तैनात किए गए। पर्व से पहले, पर्व के दौरान एवं उसके बाद स्वच्छता बनाए रखने के लिए तीन पालियों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई। इसके अतिरिक्त, घाटों के आसपास धूल प्रदूषण को कम करने के लिए वाटर स्प्रिंकलर एवं पानी के टैंकर भी लगाए गए।

पश्चिमी जोन में सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई तथा अधिकतम संख्या में कर्मचारियों को इस कार्य में लगाया गया। घाटों से ठोस कचरा हटाया गया। साथ ही छठ पूजा आयोजकों के समन्वय से पर्व के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी हटाया गया।

दक्षिणी जोन में 23 वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें संबंधित सभी वार्डों के सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी जोन में पर्व के अवसर पर बनाए गए कृत्रिम छठ घाटों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पूजा संपन्न होने के बाद इन अस्थायी घाटों में भरे पानी की निकासी की गई, ताकि जलभराव न हो और मच्छरों के प्रजनन की संभावना को कम किया जा सके। अन्य जोन में भी इसी प्रकार के विशेष प्रबंध किए गए।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post