नई दिल्ली, 27 अक्टूबर, 2026। अखिल भारतीय स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक संघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय महामंत्री एवं शिक्षाविद डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने मंगलवार को संघ के मुख्यालय बरवाला में पूर्व राष्ट्रपति केआर नारायणन की 106वीं जयंती पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ दयानंद वत्स भारतीय ने कहा कि केआर नारायणन एक विद्वान, मृदुभाषी राजनयिक और कुशल प्रशासक थे। राष्ट्रपति पद पर आसीन होने से पूर्व उन्होंने अमेरिका और चीन सहित विभिन्न देशों में भारत के राजदूत के रूप में देश की विदेश नीति और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए और बाद में देश के राष्ट्रपति पद पर आसीन हुए। उनका जीवन सादगी, विद्वत्ता, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।
डॉ वत्स ने अपनी व्यक्तिगत स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि केआर नारायणन ने उनके संपादन में प्रकाशित हिंदी समाचारपत्र नेशनल मीडिया नेटवर्क का विमोचन किया था। उन्होंने यह भी स्मरण किया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर श्री नारायणन ने राष्ट्रपति भवन में समाज के लोगों को जलपान के लिए आमंत्रित किया था, जिसमें उन्हें भी सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ था। केआर नारायणन का व्यक्तित्व और उनकी राष्ट्र के प्रति सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी। उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जनसेवा के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है।
