छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 27 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों, जिला प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारु व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और केवल कागजी प्रगति के बजाय प्रत्येक घाट पर जाकर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार छठ पर्व पर पहले से अधिक घाट विकसित किए जाएंगे। साथ ही महापर्व के अवसर पर अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी होनी चाहिए।

विशेष बैठक में मंत्री कपिल मिश्रा, छठ पूजा समिति के पदाधिकारी विधायक अभय वर्मा, चंदन कुमार चौधरी, संदीप सहरावत, राजस्व विभाग, दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, अग्निशमन सेवा और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा की शुरुआत 13 से शुरू होगी, जो 16 नवम्बर तक रहेगी। मुख्यमंत्री ने नवम्बर माह में संभावित सर्दी को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में मौसम की परिस्थितियां अलग हैं, इसलिए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर आवश्यकतानुसार पर्याप्त कवर वाले टेंट लगाए जाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने शौचालयों और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि यह पर्व शुद्धता से जुड़ा है इसलिए इन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना होगा।

मुख्यमंत्री ने बड़े और भीड़भाड़ वाले घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने तथा दिल्ली पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मॉडल छठ घाटों पर व्यवस्थाएं बेहतर बनाने, प्रमुख घाटों पर मुख्य सड़क से स्पष्ट दिखाई देने वाले स्वागत द्वार लगाने और बड़े मॉडल घाटों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छठ पूजा से जुड़ी सामग्री तथा दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के वीडियो लगातार प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

बैठक में छठ पूजा के अगले दिन उषा अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक अवकाश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार, 16 नवम्बर को अवकाश घोषित करने के संबंध में निर्देश दिए।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post