नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में 51 नवविवाहित बेटियों को उनके प्रथम करवाचौथ के अवसर पर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक और करवाचौथ किट प्रदान की। लाडली फाउंडेशन द्वारा मार्च माह में इन सभी बेटियों का सामूहिक विवाह कराया गया था। उनके पहले करवाचौथ के अवसर पर आर्थिक सहायता और उपहार प्रदान करने की यह पहल बेटियों के जीवन में खुशियां बांटने के साथ उन्हें आर्थिक संबल देने का सराहनीय प्रयास है। मुख्यमंत्री ने सभी बेटियों को उनके प्रथम करवाचौथ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने बेटियों से आत्मीय संवाद किया, उनके परिवारों और वैवाहिक जीवन के बारे में जानकारी ली तथा उनके अनुभव सुने।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेटियों को भरोसा दिलाया कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने आत्मीयता से कहा कि किसी भी परेशानी या कठिन परिस्थिति में बेटियां घबराएं नहीं, बल्कि निःसंकोच अपनी बात साझा करें। उन्होंने उन्हें अपनी बड़ी बहन का भरोसा देते हुए कहा कि वे अकेली नहीं हैं और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। मुख्यमंत्री ने बेटियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने, अपनी पहचान बनाने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों का सुख, सम्मान और आत्मनिर्भरता सर्वोपरि है तथा उन्हें हर परिस्थिति में सम्मान, सुरक्षा और सहयोग का एहसास होना चाहिए।
लाडली फाउंडेशन की ओर से मार्च माह में आयोजित सामूहिक विवाह के बाद अब प्रथम करवाचौथ पर 51 बेटियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। साथ ही करवाचौथ किट देकर उनके इस विशेष अवसर को और यादगार बनाने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करने के साथ-साथ उनके जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर भी उनके साथ खड़ा होना संवेदनशील और सराहनीय कार्य है। ऐसी पहलें बेटियों और उनके परिवारों को भावनात्मक संबल प्रदान करती हैं और समाज में सहयोग, सम्मान तथा अपनत्व की भावना को मजबूत करती हैं।
