मुख्यमंत्री ने सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित की जा रही क्रूज सेवा का किया ट्रायल रन


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी पर विकसित की जा रही क्रूज सेवा का ट्रायल रन और निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, संचालन व्यवस्था और यात्रियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मां यमुना के साथ लोगों का भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव अत्यंत गहरा है। यमुना सफारी की शुरुआत इस जुड़ाव को एक नया आयाम देने के साथ-साथ राजधानी में पर्यटन और मनोरंजन की नई संभावनाओं को भी साकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजना छठ महापर्व से पहले यमुना सफारी का औपचारिक शुभारंभ करने की है, ताकि दिल्लीवासी इस विशेष अनुभव का आनंद ले सकें। जिस प्रकार देश के अन्य शहरों में नदियों पर नौका विहार लोगों को शांति, सुकून और प्रकृति के निकट आने का अवसर प्रदान करता है, उसी प्रकार दिल्ली में भी लोग मां यमुना के दर्शन करते हुए क्रूज का आनंद ले सकेंगे। यह पहल परिवारों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग छह किलोमीटर के जलमार्ग पर विकसित की जा रही यह क्रूज सेवा दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। नदी के आसपास उपलब्ध सुविधाओं को विकसित करके इस क्षेत्र को दिल्लीवासियों के लिए एक आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल बनाया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स ज़ोन और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाली क्रूज इस मार्ग पर संचालित करने की तैयारी की गई है। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक आने-जाने का पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा। यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार का अनुभव मिलेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। इस सेवा का ट्रायल रन लगभग एक सप्ताह तक चलाने की योजना है। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में इसका औपचारिक शुभारंभ की तैयारी की जा रही है। अंतिम तिथि निर्धारित होने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 और क्रूज की एक पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को साकार करने में सहयोग देने वाले केन्द्र और दिल्ली सरकार के संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। इस परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित संबंधित एजेंसियां शामिल हैं।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना रिवर सफारी एक अद्भुत परियोजना है। केन्द्र सरकार, डीडीए, दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन के साझा प्रयासों से यह परियोजना साकार हो रही है। बोट राइड, म्यूजिक फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और फूड पार्क के साथ दिल्लीवासियों और पर्यटकों को एक सुंदर रिवर अनुभव मिलेगा। एनजीटी और पर्यावरण के सभी मानकों का पालन किया गया है।

 

Disclaimer: This news is written on the basis of information received from different authentic sources.

Popular Tags

Related Post