नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोंगरा ने देशभर के नागरिकों से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद करें।
एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोंगरा ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से लोग लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया के तहत किए जा रहे कार्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक भावना के विपरीत हैं। ऐसे में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना और जवाबदेही की मांग करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज ही सबसे बड़ी ताकत है। जब देशवासी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तभी जवाबदेही सुनिश्चित करने का दबाव बनता है।
प्रीति डोंगरा ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे दूरी और व्यस्तताओं की परवाह किए बिना 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचें और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के समर्थन में अपनी आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
