नई दिल्ली, 27 अक्टूबर, 2026। दिल्ली नगर निगम की शिक्षा कमेटी की बैठक मंगलवार को कमेटी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में निगम के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के दाखिले बढ़ाने, बच्चों को संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने, विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा कमेटी चेयरमैन योगेश वर्मा एडवोकेट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू किया जाए, ताकि निगम के विद्यालयों में व्यापक एवं सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित किए जा सकें।
शिक्षा कमेटी ने सभी जोन को'स्कूल चलो अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। प्रत्येक विद्यालय को चालू माह में कम से कम 30 नए बच्चों के दाखिले का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा गया, ताकि निगम के विद्यालयों में कुल 50,000 नए दाखिले सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा सके। कमेटी चेयरमैन योगेश वर्मा एडवोकेट ने कहा कि निगम के विद्यालयों में बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अभिभावकों का विश्वास बढ़ाना आवश्यक है। शिक्षकों एवं अधिकारियों को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षाविदों की एक विशेष कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया। कमेटी के गठन का अधिकार शिक्षा कमेटी चेयरमैन योगेश वर्मा एडवोकेट को दिया गया। कमेटी एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और कूड़े के निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए सभी विद्यालयों में एरोबिन अथवा उपयुक्त जैविक कचरा प्रसंस्करण व्यवस्था स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निगम द्वारा निर्मित नए विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का शीघ्र विस्तार करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को अगले महीने के भीतर प्रत्येक संबंधित विद्यालय में पांच-पांच स्मार्ट बोर्ड लगाने, शौचालयों की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नए वाटर कूलर स्थापित करने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
योगेश वर्मा एडवोकेट ने विद्यालयों के भवनों, कक्षाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की मरम्मत में तेजी लाने के लिए कमेटी ने निर्देश दिए कि माइनर रिपेयर का फंड अगले 15 दिनों के भीतर जारी करने की कार्यवाही पूरी की जाए।
विद्यालयों की सफाई व्यवस्था एवं सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मल्टीटास्किंग स्टाफ के लगभग 2,800 कर्मचारियों की भर्ती संबंधी फाइल पर चर्चा की गई। योगेश वर्मा एडवोकेट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस फाइल को अगले 15 दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करके कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि भर्ती की दिशा में आगे की कार्यवाही शीघ्र की जा सके।
बैठक में शिक्षकों की ट्रांसफर पॉलिसी में सामने आई विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा कमेटी चेयरमैन योगेश वर्मा एडवोकेट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षकों की ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमबद्ध बनाया जा सके और मौजूदा विसंगतियों को समाप्त किया जा सके। कमेटी ने अब तक किए गए स्थानांतरणों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी।
कमेटी चेयरमैन ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गति लाने के उद्देश्य से सभी संबंधित विद्यालयों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फाइलों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जाए। फाइलों की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग, समय-सीमा के भीतर निस्तारण तथा अधिकारियों की सेवा संबंधी जानकारी को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में शिक्षा कमेटी सदस्यों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। सदस्यों ने निगम के विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के दाखिले बढ़ाने तथा आधारभूत व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
