गोवा, 9 अक्टूबर । आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में बदलाव के लिए तैयार गोवा को अरविंद केजरीवाल ने प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने समेत 6 बड़ी गारंटी दी है। उन्होंने पणजी में आयोजित एक सभा में अपनी गारंटियों की घोषणा करते हुए कहा कि ‘‘आप’’ सरकार बिजली के बकाया बिल भी माफ करेगी। सभी महिलाओं को 3 हजार रुपए महीना देने के साथ बसों में यात्रा फ्री करेंगे। हर परिवार को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा और हर गांव में प्ले ग्राउंड बनाएंगे। साथ ही, बूथ स्तर पर लोकल मेनिफेस्टो बनाकर हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल की गारंटी है, जो कभी टूटती नहीं हैं। हमने दिल्ली और पंजाब में अपनी सारी गारंटी पूरी करके दिखाई है, गोवा में सारी गारंटी पूरी करके दिखाएंगे।
केजरीवाल की गोवा की जनता को 6 गारंटियां:
1. 300 यूनिट मुफ्त बिजली: बिजली के पुराने बकाया बिल माफ होंगे और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
2. महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा: गोवा की महिलाओं को दिल्ली और पंजाब की तरह बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी।
3. ₹10 लाख का स्वास्थ्य बीमा: प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा।
4. महिलाओं को ₹3,000 प्रतिमाह: 18 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला के बैंक खाते में हर महीने 3,000 रुपये दिए जाएंगे।
5. हर गांव और वार्ड में खेल मैदान: युवाओं के लिए खेल सुविधाएं और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
6. लोकल मैनिफेस्टो: बूथ और वार्ड स्तर पर जनता के साथ मिलकर स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गोवा की जनता दोनों पार्टियों की राजनीति से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो जाते हैं, जबकि भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार, टूटी सड़कें, पानी की किल्लत और बिजली कटौती जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह गोवा में भी अपनी गारंटियां पूरी करेगी। उन्होंने जनता से बदलाव का साथ देने और आम आदमी पार्टी को मौका देने की अपील की।
